चादरपोशी व अमन-चैन की दुआ के साथ संपन्न हुआ 126वाँ उर्स

बाराबंकी (संवाददाता-अबू तलहा,जैदपुर)। जनपद के कस्बा जैदपुर के मोहल्ला छोटी बाजार में स्थित हजरत सैय्यद वली शहीद (रहमतुल्लाह अलैह) के 126वें उर्स के अवसर पर लगने वाला ऐतिहासिक मेला इस वर्ष भी पूरे जोश, श्रद्धा और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। दूर-दराज़ से आए अकीदतमंदों ने इस पवित्र मौके पर बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
उर्स के दौरान फैजानुर्रहमान (बब्लू) अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ दरगाह पर पहुंचे, जहां उन्होंने चादरपोशी की और फूल अर्पित कर देश व कस्बे में अमन-चैन और खुशहाली की दुआएं मांगीं।
मेले की खास पहचान बनी यहां की मशहूर मिट्टी की हांडी, जो हर साल की तरह इस बार भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। दूर-दूर से आए लोग इन हांडियों को खरीदते नजर आए। इसके अलावा दनदान पट्टी और स्वादिष्ट इमरती ने भी मेले की रौनक बढ़ाई।
रात करीब 10 बजे कुल शरीफ अदा किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में मौजूद अकीदतमंदों ने एक साथ मिलकर भाईचारे, शांति और तरक्की की दुआ मांगी। कुल के बाद लंगर तक्सीम किया गया, जिसमें सभी ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

मेले में लगे हांडी झूले, रंग-बिरंगी दुकानों और खाने-पीने के स्टॉल्स ने माहौल को और भी खुशनुमा बना दिया। यह उर्स ‘हरी मजार’ के नाम से प्रसिद्ध है और हर साल ईद के सातवें दिन बड़े ही श्रद्धा भाव के साथ मनाया जाता है।
मेला कमेटी के इस्लामुद्दीन, नेता इश्तियाक अंसारी, मैसू, दानिश अंसारी और दानिश कुरैशी ने सभी आए हुए जायरीनों का दिल से आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पत्रकार अबू तलहा, सभासद अबू सुफियान, मोहम्मद ताहिर, मोहम्मद अफसार, सादमान कुरैशी, सिराज शाह, मोहम्मद तारिक अन्ना, सैफुल्लाह, पूर्व सभासद मोहम्मद हफीज सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

