मोहसिन रज़ा की सरकार में ज़ोरदार वापसी,कैबिनेट रैंक के साथ अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन बने
लखनऊ (राज्य ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश सरकार ने भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री मोहसिन रजा को राज्य अल्पसंख्यक आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया है। सरकार की ओर से मंगलवार को उनकी नियुक्ति से संबंधित आदेश जारी किया गया। उन्हें कैबिनेट मंत्री स्तर का दर्जा भी प्रदान किया गया है।
मोहसिन रजा उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रमुख मुस्लिम चेहरों में गिने जाते हैं। पार्टी के पक्ष को विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर मीडिया के सामने रखने में उनकी सक्रिय भूमिका रही है। इससे पहले वह योगी आदित्यनाथ सरकार में अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री के पद पर रह चुके हैं। उनके कार्यकाल में अल्पसंख्यक कल्याण के साथ मुस्लिम वक्फ और हज से संबंधित विभागों की जिम्मेदारी भी उनके पास थी। यूपी मदरसा पोर्टल जैसे ऐतिहासिक कामों से अपने कार्यकाल में जलवा बिखेरने वाले मोहसिन रजा ने यूपी मदरसा बोर्ड में व्यापक सुधार की कोशिश की थी। लेकिन उनका कार्यकाल पूरा होते ही मदरसा बोर्ड फिर से भ्रष्टाचार और माफियाओं के चंगुल में फँस गया। अब उन पर अल्पसंख्यक आयोग के जरिए मदरसा और वक्फ माफियाओं के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने की महत्त्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
राजनीतिक क्षेत्र में मोहसिन रजा विधान परिषद सदस्य के रूप में भी अपनी भूमिका निभा चुके हैं। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी। इसके बाद पार्टी ने उन्हें उत्तर प्रदेश में प्रवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी, जिसके माध्यम से वह लगातार विभिन्न मंचों पर भाजपा का पक्ष रखते रहे।
राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष पद पर उनकी नियुक्ति को राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है। आयोग के माध्यम से प्रदेश के अल्पसंख्यक समुदायों से जुड़े मामलों, शिकायतों और उनके अधिकारों से संबंधित विषयों पर कार्य किया जाता है।
कैबिनेट मंत्री का दर्जा मिलने के बाद मोहसिन रजा की नई जिम्मेदारी के साथ उनका प्रशासनिक और राजनीतिक प्रभाव भी बढ़ने की संभावना है। अब आयोग के अध्यक्ष के रूप में उनके सामने अल्पसंख्यक समुदायों से जुड़े विभिन्न मामलों को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाने और शिकायतों के निस्तारण की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।

