विकास और सुशासन की अप्रतिम धरा बना उत्तर प्रदेश : डा० बबिता सिंह चौहान

लखनऊ (राज्य ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस के अवसर पर जनपद हाथरस में भव्य जनपदस्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डा० बबिता सिंह चौहान ने बतौर मुख्य अतिथि किया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में डा० बबिता सिंह चौहान ने उत्तर प्रदेश को ‘विकास और सुशासन की अप्रतिम धरा’ बताते हुए कहा कि प्रदेश ने बीते आठ वर्षों में अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की गौरवशाली संस्कृति, परंपराएं और ऐतिहासिक विरासत आज भी इसकी पहचान हैं, जिन्हें विकास के साथ सहेजते हुए आगे बढ़ाया जा रहा है।
डा० चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में हुए व्यापक बदलावों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था में सुधार, महिलाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण, बुनियादी ढांचे का विकास, औद्योगिक निवेश, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में प्रदेश ने नई ऊँचाइयों को छुआ है।

उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो चुका है और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुँच रहा है। महिला सशक्तिकरण की दिशा में सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर और सुरक्षित वातावरण प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा विकास कार्यों एवं सरकारी योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका मुख्य अतिथि द्वारा अवलोकन किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

