बाराबंकी। जिले के मसौली थाना परिसर में रविवार को शब-ए-बारात और महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनज़र शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश त्रिपाठी ने की। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों से दोनों त्योहार आपसी सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।
बैठक के दौरान प्रभारी निरीक्षक ने शब-ए-बारात पर कब्रिस्तानों में होने वाली गतिविधियों को लेकर चर्चा करते हुए संबंधित स्थानों की जानकारी ली, ताकि वहां पर्याप्त पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। वहीं महाशिवरात्रि के अवसर पर लोधेश्वर महादेवा मंदिर में श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासनिक सहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
अजय प्रकाश त्रिपाठी ने साफ शब्दों में कहा कि किसी भी तरह की अफवाह फैलाने, असामाजिक गतिविधियों या कानून-व्यवस्था को बाधित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कांवड़ यात्रा के दौरान वाहनों में ओवरलोडिंग न करने, हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने की विशेष अपील की।
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और संभ्रांत नागरिकों ने प्रशासन को हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया और दोनों पर्वों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने पर सहमति जताई।
इस मौके पर अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक सनत मिश्रा, कस्बा प्रभारी अभय गुप्ता, उपनिरीक्षक राशिद अली खान, सत्यपाल सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। वहीं ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मुईन अंसारी, रामदेव सिंह यादव, उमाकांत राव, नूर मोहम्मद, धीरज, जितेंद्र वर्मा, जवाद खान, सलमान, प्रेमानंद वर्मा, मुन्ना कुरैशी, अरुण कुमार समेत अन्य जिम्मेदार नागरिक भी बैठक में शामिल हुए।