लखनऊ (राज्य ब्यूरो)। 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर बिजनौर जनपद के ग्राम हिसामपुर में विभिन्न शैक्षणिक एवं स्मारक स्थलों पर ध्वजारोहण कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मदरसा नूरूल कुरान, मेन बाजार मुस्तफाबाद, कन्या पाठशाला, प्राथमिक विद्यालय, जूनियर हाई स्कूल तथा कारगिल शहीद अशोक कुमार जी के स्मारक पर ध्वजारोहण किया गया।
कार्यक्रमों में अखिल भारतीय पसमांदा मुस्लिम मंच के प्रदेश अध्यक्ष और मदरसा बोर्ड के निवर्तमान सदस्य डा० इमरान अहमद सलमानी ने अपने सम्मानित बुजुर्गों एवं युवा साथियों के साथ सहभागिता की। ध्वजारोहण के उपरांत उन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान, समानता, भाईचारे और देशभक्ति के मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, अनुशासन और राष्ट्रसेवा को जीवन का लक्ष्य बनाने का आह्वान किया।

डॉ. सलमानी ने कहा कि शहीदों के बलिदान को स्मरण कर उनके दिखाए मार्ग पर चलना ही सच्ची देशसेवा है। कार्यक्रमों के दौरान देशभक्ति गीतों और नारों से वातावरण राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत रहा।
इस अवसर पर शिक्षकगण, सामाजिक कार्यकर्ता, स्थानीय नागरिक, छात्र-छात्राएं एवं ग्रामवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।