शब्दचर्चा (28): अडानी या अदाणी? सही नाम जानना है तो नौकरों से पूछो
Technology

शब्दचर्चा (28): अडानी या अदाणी? सही नाम जानना है तो नौकरों से पूछो

Gautam Adani और Adani Group के बारे में ख़बरें रोज़ आती ही रहती हैं। कल भी दो ख़बरें आईं। एक यह कि Gautam Adani फिर से दुनिया के 20 सबसे अमीर लोगों की सूची में शामिल हो गए। दूसरी यह कि अमेरिका के प्रतिभूति एवं विनिमय आयोग (US SEC) ने Gautam Adani और Adani Group के नाम जो समंज़ भेजे थे, छह महीने बीतने के बाद भी भारत सरकार ने ये समन उनको सर्व नहीं किए हैं।

ऊपर के पैरे में मैंने Gautam Adani और Adani ग्रूप के नाम रोमन में लिखे हैं क्योंकि मैं समझ नहीं पा रहा कि Adani को हिंदी में कैसे लिखा जाए! हिंदी की वेबसाइटें यह नाम चार तरह से लिख रही हैं – अदानी

(CNBC), अडानी (हिंदुस्तान, ABP News, MSN, नवभारत टाइम्स), अदाणी (हिंदुस्तान, जागरण, NDTV हिंदी) और अडाणी (इंडिया टीवी, ETV Bharat, दैनिक भास्कर, जागरण, News 24)।

अब इनमें से कौनसा सही है?

अचानक मुझे ख़्याल आया, घर के मालिक का नाम पूछना हो तो उसके ड्राइवर, गार्ड या नौकरों से पूछना चाहिए। सो मैंने NDTV हिंदी खोलकर देखा कि वहाँ इसे कैसे लिखा जा रहा है। NDTV हिंदी में इसे अदाणी लिखा जा रहा है।

तसल्ली करने के लिए मैंने गुजराती वेबसाइटों पर भी क्रॉसचेक किया। देखा, दिव्य भास्कर, ज़ी न्यूज़, गुजरात फ़र्स्ट, TV9 गुजराती, सबमें અદાણી (अदाणी) ही लिखा जा रहा है।

यानी सही है अदाणी।

अचानक मेरे दिमाग़ में आया कि अगर ADANI का गुजराती उच्चारण अदाणी है तो AMBANI का क्या है? आख़िर वे भी तो गुजराती है। मैंने पाया कि गुजराती वेबसाइटों पर અદાણી (अदाणी) की तरह ही AMBANI को भी અંબાણી (अंबाणी) लिखा जा रहा है।

यानी दोनों गुजराती धनकुबेरों के सरनेम की आख़िरी ध्वनि ‘ण’ है, ‘न’ नहीं है।

लेकिन हिंदी में कोई भी वेबसाइट अंबाणी नहीं लिख रही। ख़ुद उनकी मिल्कियत वाले मीडिया संस्थान भी अंबानी ही लिख रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *