नई दिल्ली। पंजाब यूनिवर्सिटी के विधि विभाग स्थित रीजनल सेंटर, लुधियाना में शहीद ऊधम सिंह स्टडी सर्किल द्वारा एक विशेष शैक्षणिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विधि छात्रों के साथ मानवाधिकारों से जुड़े समकालीन मुद्दों पर संवाद किया गया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC), भारत सरकार के सदस्य प्रियंक कानूनगो ने मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार रखे। उन्होंने डिजिटल परिवर्तन के दौर में मानवाधिकारों की सुरक्षा, नागरिक स्वतंत्रताओं और संवैधानिक मूल्यों की अहमियत पर प्रकाश डाला।

श्री कानूनगो ने कहा कि तकनीक के बढ़ते प्रभाव के साथ निजता, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और मानवीय गरिमा की रक्षा एक बड़ी चुनौती बनकर उभरी है, जिसे कानून और जागरूक समाज के माध्यम से संतुलित करना आवश्यक है।
संवाद सत्र के दौरान छात्रों ने सक्रिय भागीदारी करते हुए कानूनी, सामाजिक और तकनीकी विषयों पर प्रश्न पूछे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशील बनाना और उन्हें व्यावहारिक कानूनी दृष्टिकोण से जोड़ना रहा।