बाराबंकी। रामनगर विधानसभा क्षेत्र संख्या 267 के सआदतगंज स्थित श्री गांधी पंचायत इंटर कॉलेज में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर भव्य ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रामनगर के पूर्व विधायक शरद अवस्थी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
इस अवसर पर उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं गणमान्य शिक्षकगणों को संबोधित करते हुए शरद अवस्थी ने राष्ट्रभक्ति, संविधान के मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत का संविधान हमें समानता, न्याय और लोकतंत्र की शक्ति देता है, जिसे समझना और आत्मसात करना हर नागरिक का दायित्व है।

पूर्व विधायक ने विशेष रूप से युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि देशसेवा की भावना और शिक्षा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण का संकल्प ही सशक्त और आत्मनिर्भर भारत की आधारशिला है। उन्होंने छात्रों से अनुशासन, नैतिकता और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम देशभक्ति नारों और उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच सम्पन्न हुआ, जिसमें विद्यालय परिवार एवं स्थानीय नागरिकों की सक्रिय सहभागिता रही।