उत्तर प्रदेश

लखनऊ : चिनहट में उत्साह के साथ सुना गया “मन की बात” का 130वाँ संस्करण

लखनऊ (राज्य ब्यूरो)। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री एवं विश्व के सबसे लोकप्रिय नेताओं में शामिल नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 130वें संस्करण का प्रसारण रविवार को जनपद लखनऊ में बीकेटी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत चिनहट ग्रामीण मंडल स्थित बूथ संख्या–452 पर सामूहिक रूप से सुना गया।

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश की प्रदेश मंत्री एवं उन्नाव भाजपा प्रभारी अर्चना मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उनके साथ मंडल अध्यक्ष अक्षय मौर्या, पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ऊर्जावान कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों को गंभीरता एवं एकाग्रता के साथ सुना।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता, आत्मनिर्भर भारत, स्वच्छता, नवाचार तथा जनभागीदारी जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के संदेशों को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि ‘मन की बात’ आम जनमानस को देश के विकास से जोड़ने वाला सशक्त माध्यम है।

इस मौके पर प्रदेश मंत्री अर्चना मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम जनता और नेतृत्व के बीच सीधा संवाद स्थापित करता है, जिससे समाज में सकारात्मक सोच और राष्ट्रहित के प्रति जागरूकता बढ़ती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री के संदेशों को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाएं।

कार्यक्रम के समापन पर कार्यकर्ताओं ने संगठन को और मजबूत करने तथा प्रधानमंत्री के विजन को धरातल पर उतारने के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। आयोजन का माहौल उत्साहपूर्ण और अनुशासित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *