सरकारी स्कूल में महिला शिक्षिका की संदिग्ध मौत,पति ने स्कूल स्टाफ पर लगाए गंभीर आरोप

बाराबंकी। जिले के सतरिख थाना क्षेत्र में स्थित एक सरकारी कंपोजिट विद्यालय में शनिवार को एक महिला शिक्षिका की मौत से हड़कंप मच गया। शिक्षिका का शव स्कूल के प्रधानाध्यापक कक्ष में फंदे से लटका मिला। परिजनों ने स्कूल की प्रिंसिपल और कुछ स्टाफ सदस्यों पर मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, उधवापुर स्थित कंपोजिट विद्यालय में तैनात शिक्षिका उमा वर्मा उर्फ माला (40) रोज की तरह सुबह स्कूल पहुंची थीं। उनके पति ऋषि वर्मा, जो स्वयं एक शिक्षक हैं, उन्हें स्कूल छोड़कर अपने कार्यस्थल चले गए थे। स्कूल पहुंचने के बाद उमा ने कक्षा में अपना बैग रखा और प्रधानाध्यापक के कार्यालय की ओर चली गईं।
काफी देर तक बाहर न आने पर सहकर्मी शिक्षकों ने उन्हें आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद जब कार्यालय में झांककर देखा गया तो उनका शव रस्सी के सहारे लटका हुआ मिला। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद नहीं था।
सूचना मिलने पर सतरिख थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
पति का आरोप: लंबे समय से किया जा रहा था मानसिक उत्पीड़न
मृतका के पति ऋषि वर्मा का कहना है कि उनकी पत्नी पिछले डेढ़ वर्ष से स्कूल की प्रिंसिपल और कुछ स्टाफ सदस्यों के व्यवहार से परेशान थीं। उनका आरोप है कि जब उमा पूरी निष्ठा से बच्चों को पढ़ाती थीं, तो स्टाफ के कुछ लोग उन पर तंज कसते और उनके खिलाफ शिकायतें करते थे। कई बार पूरे स्टाफ ने मिलकर उन्हें मानसिक रूप से दबाव में डाला।
ऋषि वर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि जब उनकी पत्नी को फंदे पर लटका देखा गया, तब किसी ने उन्हें तुरंत नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाने का प्रयास नहीं किया। यदि समय पर इलाज मिलता तो शायद उनकी जान बच सकती थी। उन्होंने बताया कि घटना वाले दिन सुबह 10:30 बजे उनकी पत्नी से बात हुई थी, लेकिन वह उस समय किसी परेशानी में नहीं लग रही थीं।
भाई ने लगाए सबूतों से छेड़छाड़ के आरोप
मृतका के भाई शिवाकांत वर्मा ने आरोप लगाया कि स्कूल स्टाफ ने पुलिस को सूचना देने से पहले कमरे में रखा सामान व्यवस्थित कर दिया। उन्होंने कहा कि उनकी बहन मेहनती शिक्षिका थीं और बच्चों को अच्छे से पढ़ाने के कारण कुछ लोग उनसे ईर्ष्या रखते थे। भाई ने सहायक अध्यापक और स्कूल की इंचार्ज सहित कुछ शिक्षकों पर बहन को लगातार परेशान करने का आरोप लगाया है।

